Uttarkashi Pavani Village: आग की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है.
उत्तरकाशी: मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान हो गया. आग की चपेट में आने से गांव के करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए. रसोई गैस सिलिंडर फटने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. देखते ही देखते आसपास के भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए.
जानकारी के अनुसार, पवाणी गांव में अचानक एक भवन में आग लग गई. लकड़ी से बने भवन होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी. इसी दौरान रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग ने और विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थी कि ग्रामीणों को आसपास के भवनों को बचाने का मौका तक नहीं मिल पाया. देखते ही देखते आग ने करीब 30 लकड़ी के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया.
गांव में आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. ग्रामीण बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने में जुटे रहे. साथ ही आग को अन्य भवनों तक फैलने से रोकने के प्रयास भी किए गए.
लकड़ी के भवनों में आग तेजी से फैलने के कारण ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी. इस अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है. आग से भवनों के साथ उनमें रखा सामान भी जलकर नष्ट होने की आशंका है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीण जुटे हुए हैं. अग्निकांड में हुए नुकसान और घटना के कारणों का विस्तृत आकलन प्रशासनिक स्तर पर किया जाना बाकी है.
तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिली है. घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है. टीम से स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही नुकसान का आकलन कराया जाएगा.



