
रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए नौ जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों से चारधाम यात्रियों सहित सामान्य यात्रियों को भी रूटीन ट्रेनों में लंबी वेटिंग से राहत मिलेगी।
हरिद्वार। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली संभावित भीड़ को देखते रेलवे प्रशासन की ओर से अलग-अलग रूटों पर नौ जोड़ी समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
इनमें साप्ताहिक हरिद्वार-साबरमती, योगनगरी-उदयपुर,योगनगरी-हुबली,योगनगरी-यशवंतपुर का संचालन शुरू हो गया है। शुक्रवार को योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता वाया हरिद्वार समर स्पेशल ट्रैक पर दौड़ी।
19 अप्रैल से सप्ताह में दो दिन गुरुवार और रविवार को योगनगरी ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के लिए समर स्पेशल चलेगी। 20 अप्रैल से हरिद्वार से दुर्ग के लिए और 21 अप्रैल से योगनगरी ऋषिकेश से गोरखपुर के लिए समर स्पेशल का संचालन होगा। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को खासी सहूलियत होगी। खासकर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
रूटीन ट्रेनों में बुकिंग खुलते ही लंबी वेटिंग
हरिद्वार: पूर्वांचल की ओर से जाने वाली रूटीन ट्रेनों में अभी से ही वेटिंग और नो रूम की स्थिति देखने को मिल रही है।
कुंभ, उपासना, दून एक्सप्रेस, राप्तीगंगा आदि ट्रेनों में ग्रीष्मावकाश अवधि में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। कई तिथियों में पब्लिक रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) रिग्रेट दर्शा रहा है। इन रूटों पर समर स्पेशल के संचालन से पूर्वांचल की ओर जाने वाली यात्रियों को खासी राहत मिलेगी। समय से टिकट बुक कराने पर कंफर्म टिकट मिल सकता है।
ट्रेनों का संचालन समय
04312 योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल: योगनगरी ऋषिकेश से प्रत्येक शुक्रवार चलेगी। 17 अप्रैल से 10 जुलाई तक संचालित होने वाली यह ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से रात 10.20 चलकर देर रात 11.54 पर हरिद्वार पहुंचेगी। अगले दिन रविवार सुबह आठ बजे कोलकाता पहुंचेगी।
04311: कोलकाता- योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल: कोलकाता से प्रत्येक रविवार को चलेगी। 19 अप्रैल से 12 जुलाई तक संचालित होने वाली यह ट्रेन कोलकता से दोपहर 1.55 पर चलकर रात 11.30 पर योगनगरी-ऋषिकेश पहुंचेगी। यह ट्रेन वाया गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल होते कोलकाता पहुंचेगी।
04316 योगनगरी ऋषिकेश-गोरखपुर स्पेशल: 21 अप्रैल से प्रत्येक मंगलवार दोपहर 3.20 पर चलेगी। शाम चार बजकर 10 मिनट पर हरिद्वार पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद प्रस्थान करेगी। गोरखपुर जंक्शन सुबह 6.20 पर पहुंचेगी।
04315 गोरखपुर-योगनगरी ऋषिकेश: गोरखपुर से प्रत्येक बुधवार सुबह नौ बजे चलेगी। गुरुवार देर रात 1.30 पर योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। हरिद्वार पहुंचने का समय 12.05 निर्धारित है। इसमें स्लीपर,थर्ड एसी और सेकेंड एसी के कोच होंगे।
20 अप्रैल से प्रत्येक सोमवार चलेगी दुर्ग समर स्पेशल
हरिद्वार: रेलवे प्रशासन की ओर से 20 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार हरिद्वार से दुर्ग के लिए समर स्पेशल संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 08744 हरिद्वार से शाम 6.55 पर रवाना होगी। रुड़की स्टेशन पर भी ठहराव सुनिश्चित किया गया है। इसी तरह गाड़ी संख्या 08743 दुर्ग-हरिद्वार 19 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक रविवार चलेंगी।
योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर समर स्पेशल 19 अप्रैल
हरिद्वार: योगनगरी-ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के लिए 19 अप्रैल से समर स्पेशल चलेगी। प्रत्येक गुरुवार और रविवार को संचालित होने वाली गाड़ी संख्या 04314 योगनगरी ऋषिकेश से दोपहर 03.20 पर चलकर शाम 04.10 पर हरिद्वार पहुंचेगी। पांच मिनट ठहराव के बाद ट्रेन गंतव्य को रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन पूर्वाह्न 11.20 पर मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन पहले से हो रही संचालित
- गाड़ी सं -ट्रेन नाम – समय- दिन
- 09426 -हरिद्वार साबरमती- रात 09.45- मंगलवार
- 09610 -योगनगरी उदयपुर- शाम 03.30 -बुधवार
- 07364 -योगनगरी हुबली -सुबह 06.15 -गुरुवार
- 06598 -योगनगरी यशवंतपुर -शाम 05.55- शनिवार
रेलवे की ओर से नौ समर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इनमें साप्ताहिक हरिद्वार-साबरमती, योगनगरी-उदयपुर,योगनगरी-हुबली,योगनगरी-यशवंतपुर का संचालन शुरू हो गया है। शुक्रवार से योगनगरी-ऋषिकेश-कोलकाता समर स्पेशल भी शुरू हो गयी है। 19 अप्रैल से सप्ताह में दो दिन गुरुवार और रविवार को योगनगरी ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के लिए समर स्पेशल शुरू हो जाएगी। 20 अप्रैल से दुर्ग के लिए और 21 अप्रैल से गोरखपुर के लिए समर स्पेशल का संचालन होगा। – अनिल कुमार गुप्ता, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, हरिद्वार









