
कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ठेकेदार धनंजय गिरी से जुड़े जमीन फर्जीवाड़े के मामलों की जांच में लापरवाही बरतने पर हुई।
धनंजय पर नौ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, और पुलिस पीड़ितों को पैसा वापस दिलाने के लिए उसकी संपत्तियों की सूची तैयार कर रही है। नवंबर 2024 में एसपी सिटी की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया था।
हल्द्वानी। जमीन फर्जीवाड़े के लिए चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी से जुड़े मामलों की जांच में लापरवाही और मिलीभगत को लेकर आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को निलंबित कर दिया है।
शहर में कई लोगों संग धोखाधड़ी कर चुके धनंजय के ऊपर नौ केस दर्ज है। ठगे गए लोगों के लिए राहत की बात यह है कि पुलिस ठेकेदार के नाम दर्ज संपत्तियों की सूची तैयार करवा रही है। ताकि पीड़ितों को उनका पैसा वापस मिल सके।
जमीन व भवनों की खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी ठेकेदार धनंजय गिरी कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है। इसके अलावा फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बैंक में बधंक प्रापर्टी तक को उसने बेच दिया था।
इस महाठग की कुंडली तैयार करने और पीड़ितों की जानकारी जुटाने के लिए नवंबर 2024 में एसपी सिटी की अध्यक्षता में एसआइटी का गठन कर अलग-अलग केस से जुड़े विवेचक, सीओ लालकुआं व इंस्पेक्टर एलआइयू को भी उसमें शामिल किया गया था।
जांच के दौरान कुछ लोगों ने आईजी कार्यालय में भी लिखित शिकायतें दी थी। वहीं, विवेचक को स्पष्ट निर्देश थे पीड़ितों को उनका पैसा वापस मिल सके। इसलिए धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
उसके बावजूद भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने लापरवाही बरती। अब आईजी के निर्देश पर चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है।
ठेकेदार धनंजय और उसके सहयोगियों ने अगर किसी भी तरह की धोखाधड़ी की है तो पीड़ित अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। एसआइटी प्रभारी (एसपी सिटी हल्द्वानी) के अलावा मोबाइल नंबर 9411110057 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
रिद्धिम अग्रवाल, आइजी कुमाऊं









