
देहरादून में गायक दिलजीत दोसांझ के नाम पर एक कारोबारी से 1.07 करोड़ रुपये की ठगी हुई। आरोपितों ने रेस्टोरेंट प्रमोशन और निवेश के बहाने पैसे ऐंठे।
देहरादून। ट्रेडिंग और गायक दिलजीत दोसांझ को रेस्टोरेंट के प्रमोशन के लिए बुलाने का झांसा देकर आरोपितों ने एक कारोबारी से 1.07 करोड़ रुपये ठग लिए। इस मामले में राजपुर थाना पुलिस ने कंपनी सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पार्क वेल सोसाइटी, मसूरी रोड निवासी अभिषेक पारिख ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात प्रीतम सिंह चटवाल के जरिये एमएस एडीआर ट्रेडर्स के संचालक अंकित सिंह रावत से हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि अंकित ने खुद को नामी ट्रेडर बताया।
1.8 लाख रुपये के फायदे का लालच
विश्वास जीतने के लिए निवेश और मुनाफे के फर्जी दस्तावेज दिखाए। आरोपित ने झांसा दिया कि यदि वह 90 लाख रुपये का निवेश करेंगे तो उन्हें प्रतिदिन 1.8 लाख रुपये का लाभ होगा। उसकी बातों में आकर अभिषेक ने 90 लाख रुपये दे दिए।
आरोपितों ने 7.80 लाख रुपये मुनाफा दिया। इसके बाद कई दिनों तक मुनाफा नहीं मिला तो उन्होंने शिकायत की। आरोपितों ने कंपनी की तरफ से एक ई-मेल भेजकर रकम सुरक्षित होने और लगातार बढ़ने का झूठा आश्वासन दिया।
मार्च 2026 में पीड़ित ने रेस्टोरेंट खोला। इसके प्रमोशन की चर्चा के दौरान अंकित ने दावा किया कि वह गायक दिलजीत दोसांझ को बहुत करीब से जानता है और उन्हें यहां बुला सकता है। इसके एवज में उसने 24 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने दिलजीत दोसांझ के नाम से यह रकम भी दे दी।
इसके बाद आरोपित ने फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर डेढ़ लाख रुपये और ऐंठ लिए। जब काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद भी गायक नहीं आए तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित के मुताबिक, वह आरोपित को कुल एक करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपये दे चुके हैं। जिसमें से केवल 7.80 लाख रुपये ही वापस किए गए हैं।
राजपुर थानाध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित कंपनी एमएस एडीआर ट्रेडर्स, अंकित रावत, पूजा चमोली और आदित्य रावत सभी निवासी पार्क वेल सोसायटी, टावर ए, मसूरी रोड मालसी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









