उत्तराखण्ड

Big Breaking:-मंत्री रेखा आर्या के पति साहू के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर की तैयारी, नेपाल में छिपे होने की आशंका

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जिन पर मारपीट, धोखाधड़ी और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप हैं।

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से भूमिगत चल रहे साहू के नेपाल में छिपे होने की आशंका के बीच देहरादून पुलिस ने नेपाल पुलिस से संपर्क साधा है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस उसकी काल डिटेल और अंतिम मोबाइल लोकेशन की भी जांच कर रही है। विदेश जाने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी भी की जा रही है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने लुकआउट सर्कुलर की तैयारी की पुष्टि की है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस का प्रयास है कि साहू के ठिकाने का पता लगाकर उसे जांच के दायरे में लाया जाए। हालांकि, उसके नेपाल पहुंचने की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस को ऐसी सूचना मिली है कि वह नेपाल में छुपा हुआ है। बता दें कि, मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्द कहने, धोखाधड़ी और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मंत्री ने कंपनी के दस्तावेजों में फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें निदेशक पद से हटाने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की जांच एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) कर रहा है। जांच की कड़ियां बरेली (उत्तर प्रदेश) तक पहुंच चुकी हैं।

वहां पुलिस टीम साहू के ठिकानों पर पहुंची और पुराने मुकदमों तथा कंपनियों से जुड़े दस्तावेज जुटाए। टीम को साहू नहीं मिला। अब बरेली में जुटाए गए साक्ष्यों के साथ मंत्री की और से बताए गए ठिकानों और संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दस्तावेजी गड़बड़ियों में किन लोगों की भूमिका रही और आरोपों की पुष्टि के लिए कौन से साक्ष्य उपलब्ध हैं।

कथित आडियो की भी होगी फारेंसिक जांच

इस प्रकरण में प्रसारित एक कथित आडियो भी जांच के केंद्र में है। इसमें एक महिला से बातचीत को लेकर साहू पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साहू ने आडियो को कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार किया गया और फर्जी बताते हुए आरोपों को खारिज किया था। पुलिस के अनुसार अब इसकी प्रामाणिकता की फारेंसिक जांच से स्पष्ट होगा कि रिकार्डिंग वास्तविक है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top