पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड के चमोली में कपूरथला के एक हत्यारोपी नवजोत सिंह उर्फ मोना को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर एक लंगर में सेवा कर रहा था, जहां पुलिस ने श्रद्धालु बनकर उसे पकड़ा।
चमोली। पंजाब के कपूरथला में हत्या का आरोपित चमोली के कर्णप्रयाग के पास बेडाणू में हेमकुंड यात्रा मार्ग पर लगे लंगर में सेवा दे रहा था। पंजाब पुलिस ने चमोली पुलिस के सहयोग से सर्च अभियान चलाकर आरोपित को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि अप्रैल 2026 में कपूरथला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति की हत्या हुई थी जिसमें पांच आरोपित शामिल थे। कपूरथला पुलिस द्वारा पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका था। जबकि तीन फरार थे।
पुलिस को नवजोत के हेमकुंड यात्रा पर होने की मिली थी सूचना
हत्या आरोपितों में से नवजोत सिंह उर्फ मोना निवासी मुस्कवेद थाना कपूरथला पंजाब के हेमकुंड यात्रा पर होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिस आधार पर पंजाब पुलिस ऋषिकेश से हेमकुंड की और आरोपित को ढूंढ रही थी। बताया गया कि आरोपित द्वारा स्वजनों को किए गए संपर्क में चमोली में होने की बात कही गई तो पुलिस चमोली पहुंच गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या आरोपित हेमकुंड साहिब यात्रा पर गया है। पंजाब पुलिस को आरोपित के हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर आने की सूचना दी जिसपर बीते दिन से पुलिस पंजाब पुलिस के साथ सर्च अभियान चला रही थी।
बुधवार को कर्णप्रयाग कोतवाली के लंगासू चौकी क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर बैडाणू गांव में लगे लंगर में आरोपित के मौजूद होने की सूचना मिली और पंजाब पुलिस के साथ चमोली पुलिस के जवान अधिकारी सादी वर्दी में श्रद्धालु बनकर लंगर चखने लग गए, इसी दौरान आरोपित श्रद्धालुओं के भेष में मौजूद पुलिस को भोजन परोसता रहा।
जब आरोपित की पहचान पक्की हो गई तो पुलिस अपने असली रूप में आ गई और आरोपित गिरफ़्तार किया गया। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि हत्या आरोपित नवजोत सिंह उर्फ मोना को पंजाब पुलिस गिरफ्तार कर ले गई है।