राहुल गांधी ने पौड़ी में पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए अग्निवीर योजना की आलोचना की और इसे समाप्त करने की बात कही। उन्होंने उत्तराखंड के सैनिकों के योगदान की सराहना की और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए।
पौड़ी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड का देश की सुरक्षा में ऐतिहासिक योगदान रहा है और यहां के लोगों में राष्ट्र रक्षा की भावना पीढ़ियों से रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सैनिक और सरकार के बीच एक अलिखित व पवित्र अनुबंध होता है, लेकिन केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना लागू कर इस रिश्ते को कमजोर करने का काम किया है। कांग्रेस इस योजना के खिलाफ है और इसे समाप्त करने के पक्ष में है।
गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित कंडोलिया खेल मैदान में पूर्व सैनिकों के साथ राहुल गांधी का संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित था। हालांकि प्रतिकूल मौसम के कारण उनका हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर सका और वह पंतनगर से दिल्ली लौट गए। इसके बाद उन्होंने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने कार्यक्रम में शामिल पूर्व सैनिकों और आम जनता से पौड़ी नहीं पहुंच पाने के लिए क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण वह कार्यक्रम में नहीं आ सके, लेकिन भविष्य में जल्द ही क्षेत्र का दौरा करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने पूर्व सैनिकों को देश की सुरक्षा के लिए दिए योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि चाहे युद्ध का मैदान हो, सीमांत क्षेत्र, पहाड़ या रेगिस्तान, उत्तराखंड के सैनिकों ने हमेशा देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि सेना, अर्द्धसैनिक बल या नौसेना में शामिल होने वाला प्रत्येक जवान देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर सेवा करता है। सैनिक अपने जीवन और भविष्य को देश के लिए समर्पित करता है, जबकि सरकार उसकी तथा उसके परिवार की सुरक्षा का भरोसा देती है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना इस व्यवस्था के विपरीत है और यह सैनिकों तथा उनके परिवारों को पहले जैसी सुरक्षा की गारंटी नहीं देती।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को कमजोर किया गया है और उनका लाभ चुनिंदा बड़े उद्योगपतियों तक सीमित हो गया है।
उन्होंने कहा कि हाल में हुई भारत-अमेरिका डील के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा, कृषि क्षेत्र, चिकित्सा और व्यावसायिक डाटा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार ने गलत फैसले लिए हैं। उनका आरोप था कि इन निर्णयों का असर किसानों, छोटे उद्योगों और आम लोगों पर पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, अमेरिका के साथ हुए समझौतों, अग्निपथ योजना और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के आरोपों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कई मुद्दों पर केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस इन विषयों पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
कार्यक्रम का संचालन अद्वैत बहुगुणा ने किया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी, विधायक विक्रम नेगी, विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक मनोज रावत, प्रो. जीतराम, भीमलाल आर्य सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सैनिकों के साथ दीपावली मनाते हैं, लेकिन सुविधाएं छीनते हैं
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी सैनिकों के साथ दीपावली मनाते हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर वह आपकों अग्निवीर देते हैं, वन रैंक-वन पेंशन नहीं देते हैं।
दिव्यांगता पेंशन छीनते हैं। कहा कि सरकार व सेना के बीच जो रिश्ता है, वह मामूली रिश्ता नहीं है। वह पवित्र रिश्ता है। उसका हम सम्मान करते हैं, और करते रहेंगे। हम आपके देशभक्ति की रक्षा करेंगे।
संबोधन के बीच शुरू हुई बारिश
कंडोलिया खेल मैदान में कार्यक्रम के दौरान बारिश शुरू हो गई। पंडाल से बाहर के लोगों को दिक्कत हुई। लेकिन पंडाल के अंदर के लोग सुरक्षित रहे। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के साथ संवाद में प्रतिभाग किया।