नेता राहुल गांधी 4 और 5 जून को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. इस दौरान राहुल गांधी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा फाइनल हो गया है. राहुल गांधी चार और 5 जून को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. दिवसीय दौरे पर राहुल गांधी गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों का भ्रमण करेंगे.
राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में एक विशाल रैली को संबोधित करने जा रहे हैं. इसी दिन वह पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे. इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह बड़े हर्ष का विषय है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी उत्तराखंड भ्रमण पर आ रहे हैं. उन्होंने बताया सबसे पहले राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. उसके बाद इसी दिन लगभग 3 बजे राहुल गांधी पौड़ी पहुंचेंगे.
पौड़ी में राहुल गांधी पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे. साथ ही राहुल गांधी अग्निवीर को लेकर सैनिक परिवारों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत करेंगे. राहुल गांधी सैनिक परिवारों के साथ अग्निवीर योजना, वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे पर भी विचार विमर्श करेंगे.
अगले दिन राहुल गांधी उत्तराखंड कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं व अनुषांगिक संगठनों, महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ एनएसयूआई , अनुसूचित प्रकोष्ठ पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, सहित अल्पसंख्यक प्रकोष्ठों के अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ ही विधायकों और पूर्व विधायकों से देहरादून में मुलाकात करेंगे
राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस पहले से ही तैयारियों में जुटी है. इसी कड़ी में गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में तैयारियां की जा रही थी. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि राहुल गांधी की उत्तराखंड की विजिट को सफल बनाने के लिए अपने कार्यों में जुट जाएं. जिससे उत्तराखंड में उनके कार्यक्रमों को सफल बनाया जा सके.