जिले में बारिश और भूस्खलन के कारण 15 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे हजारों की आबादी प्रभावित हुई है। नैनीझील से पानी की निकासी जारी है और अगले दो दिनों के लिए हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नैनीताल। नैनीझील से जल निकासी गुरुवार को भी जारी रही। झील के चैनल से आठ इंच पानी छोड़ा गया। नगर में रोजाना बारिश दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। बारिश में मलबा आने और भूस्खलन के कारण 15 सड़कें अब भी बंद हैं जिससे हजारों की आबादी प्रभावित है।
सिंचाई विभाग झील नियंत्रण कक्ष के अवर अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि झील के जलस्तर को सामान्य मानक के अनुरूप रखने के कारण जल निकासी जारी है। इधर बारिश से प्राकृतिक जलस्रोत रिचार्ज हो गए तो झील का जलस्तर निरंतर बढ़ रहा है। इसे नियंत्रित रखने के लिए जल निकासी की जा रही है।
झील का जलस्तर 87.5 फीट स्थिर रखा जाएगा। वहीं, नगर में सुबह के समय रिमझिम बारिश हुई है। कुछ देर के लिए राहत रही तो दोपहर में फिर झमाझम बारिश ने शहर को भिगो दिया। पिछले 36 घंटे में 60 मिमी बारिश हुई है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन यलो अलर्ट रखा गया है। लिहाजा हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे। आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार बारिश से 15 सड़कें बंद हैं।
इनमें नथुवाखान-गड़गांव, बसगांव-जिनौली-तड़ी-सकदीना, देवली-सुई, ढोलीगांव-धेना, स्यूड़ा-कोंता-ककोड़-हरीशताल, बरेली-अल्मोड़ा-सिरसा, फतेहपुर-बेल, बिनकोट-चंद्रकोट, अंबेडकर ग्राम रिखोली मार्ग, बानना-जंगलियागांव, छड़ा-बेघरनाला, गर्जिया-बेतालघाट-खैरना-ओड़ाखान तथा पटवाडांगर-क्लोनडांगर मोटर मार्ग शामिल है।