
रामनगर के कंदला गांव में अर्जुन सिंह और उसके साथियों ने बलजीत सिंह के घर के बाहर फायरिंग की, जिससे दहशत फैल गई। अर्जुन को शक था कि बलजीत ने उसके भाई को नशा बेचने के आरोप में पकड़वाया था।
रामनगर। ग्राम कंदला गांव में पांच छह लोगों ने एक व्यक्ति के घर के बाहर फायरिंग कर दी। इससे गांव में दहशत फैल गई। भीड़ जुटने पर आरोपित फरार हो गए।
रामनगर के अंतर्गत कंदला गांव निवासी अर्जुन सिंह का भाई कुछ समय पूर्व नशा बेचने के आरोप में पकड़ा गया था। अर्जुन सिंह को शक था कि उसके भाई को गिरफ्रतार कराने में बलजीत सिंह ने मुखबिरी की है। उसने बाहर से चार लोगों को अपने घर बुलाया था।
रविवार को अर्जुन सिंह के गुर्गों ने बलजीत के घर के बाहर चार पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोली घर के बाहर दीवारों पर लगी। फायरिंग से डरे सहमे बलजीत के परिवार ने घर में छिपकर अपनी जान बचाई। इस दौरान गांव के लोग भी एकत्र होने लगे। भीड़ जुटने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गांव में आरोपित अर्जुन के घर तलाशी अभियान चलाया।
सीओ सुमित पांडे ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गांव में कांबिंग कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपित नशे का काम करते हैं। सीओ सुमित पांडे ने बताया कि फरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। जांच चल रही है।









