हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने छात्र नेता सहित चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
पीड़िता की ओर से दी गई नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार युवकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। वहीं मामले की विवेचना महिला सब इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह के अनुसार, मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को नामजद किया गया है।
दबिश दे रही पुलिस टीमें
विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, बताया जा रहा है कि इस मामले में एक आरोपित छात्र नेता बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी होने से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि आरोपित की राजनीतिक पृष्ठभूमि के बारे में फिलहाल उन्हें जानकारी नहीं है।
बिना सत्यापन के होटल में कमरे दिए जाने के सवाल पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि यदि कोई होटल संचालक बिना सत्यापन के कमरा देता है तो उसके विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



