उत्तराखंड में ऋषिकेश चम्बा के बीच ताछिला-बेमर की ढलान पर बस के ब्रेक फेल हुये. ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
टिहरी गढ़वाल: बॉबी देओल अभिनीत वेब सीरीज ‘आश्रम 4’ की शूटिंग टीम को लेकर जा रही टूरिस्ट बस हादसे का शिकार होते बाल बाल बच गई. मामला उत्तराखंड के ऋषिकेश और चम्बा के बीच ताछिला-बेमर का है. यहां ढलान पर अचानक टूरिस्ट बस के ब्रेक फेल हो गये. जिसके बाद अफरा तफरी मच गई.
बॉबी देओल अभिनीत वेब सीरीज़ ‘आश्रम 4’ की शूटिंग टीम को लेकर जा रही जयपुर, राजस्थान की एक टूरिस्ट बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए. घटना के समय बस में लगभग 20 शूटिंग दल के सदस्य सवार थे. ऐसे संकटपूर्ण समय में बस चालक शाहिद अली ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने बस को सड़क किनारे बनी नाली में उतारकर धीरे-धीरे सुरक्षित रोक लिया. उनकी समझदारी और समय पर लिए गए फैसले से एक बड़ा हादसा टल गया.
बस में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई. बाद में शूटिंग दल की अन्य गाड़ियों से सभी सदस्यों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया.
सभी ने बस चालक शाहिद अली की सूझबूझ, धैर्य और जिम्मेदारी भरे फैसले को सलाम किया. ऐसे मुश्किल वक्त में चालक की सतर्कता और समझदारी कई जिंदगियां बची हैं.
बता दें उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों से अक्सर सड़क हादसों की खबरें आती रहती हैं. परिवहन विभाग लगातार इन सड़क हादसों को रोकने के लिए अभियान चलाता रहता है. सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाए जाने को लेकर परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की ओर से प्रवर्तन काम किए जा रहे हैं. निर्माण एजेंसियों की ओर से सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है.
यही नहीं, शिक्षा विभाग की ओर से प्रचार प्रसार के काम भी किए जा रहे हैं. बावजूद इसके सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े में जिस तरह से कमी आनी चाहिए, वो कमी नहीं आई है, बल्कि बढ़ोत्तरी हुई है.उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे सड़क दुर्घटनाओं की एक मुख्य वजह ब्लैक स्पॉट भी माने जाते हैं. जिस पर भी काम किया जा रहा है.



