
काशीपुर में सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में एसआईटी ने उत्तर प्रदेश के बरेली से आरोपी जहीर को गिरफ्तार किया है। सुखवंत सिंह ने जमीन खरीद-फरोख्त में हुई धोखाधड़ी से आहत होकर आत्महत्या की थी। आरोपी को काशीपुर न्यायालय में पेश कर 14 दिन की रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में कुल 26 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।
काशीपुर। सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में गठित एसआइटी, एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की देर शाम सर्विलांस के जरिये उत्तर-प्रदेश के बरेली से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। एसआइटी टीम ने आरोपित को काशीपुर न्यायालय में पेश करके पूछताछ के लिए 14 दिन के रिमांड पर ले लिया है।
आइटीआइ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह पुत्र तेजा सिंह ने जमीन खरीद-फरोख्त में लगभग चार करोड़ की हुई धोखाधड़ी से आहत होकर बीती 10-11 जनवरी की रात काठगोदाम के एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
इस मामले में मृतक सुखवंत सिंह के भाई परविंदर सिंह ने आइटीआइ में मुख्य आरोपित अमरजीत सिंह समेत 26 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी पंजीकृत कराई थी।
इसमें जहीर निवासी गड्ढा कालोनी का नाम भी शामिल था। मामले की गंभीरता और जांच के लिए हादसे के बाद पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में एसआइटी का गठन किया था।
गठित एसआइटी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए जमीन खरीद-फरोख्त मामले में मुख्य आरोपित में शामिल जहीर निवासी गड्ढा कालोनी काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित समेत लगभग 18 लोगों ने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। एसआइटी ने आरोपित जहीर को काशीपुर अदालत में पेश कर उसको पूछताछ के लिए 14 दिन के रिमांड पर ले लिया है।









