नैनीताल जिले के भवाली से मुक्तेश्वर जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर मल्ला रामगढ़ में खाई में गिर गया, जिसमें हरियाणा के 22 पर्यटक सवार थे।
भवाली ( नैनीताल )। मल्ला रामगढ में भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जाता टेंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त टेंपो में 22 लोगों के सवार होने जानकारी मिल रही है।
सूचना पर कोतवाली भवाली पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने घायलों को खाई से बाहर निकाला और सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया। जहां घायलों का उपचार चल रहा है। छह घायलों को रेफर किया गया है। एक पर्यटक बेहद गंभीर हालत में वाहन व पेड़ के बीच में तीन घंटे से फंसा हुआ है। उसे निकालने के लिए चेन मंगाई गई है।
100 फ़िट गहरी खाई में जा गिरा ट्रैवलर
पुलिस जानकारी के अनुसार हरियाणा के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। तभी मल्ला रामगढ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब 1 किमी आगे मुक्तेश्वर की ओर जाते वक्त चालक ने वाहन से संतुलन खो दिया। जिससे ट्रैवलर असंतुलित होकर पैराफिट तोड़ते हुए 100 फ़िट गहरी खाई में जा गिरा। और खाई में यात्रियों की चीख पुकार मच गई।
इसी बीच राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भारी बारिश के बीच बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस व एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है। वहीं मौके पर एक पर्यटक के गम्भीर रूप से फंसे होने के चलते रेस्क्यू अभियान जारी है। सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि बस में 22 यात्री सवार थे। जिसमें डीप की हालत गंभीर है।