एसटीएफ ने गोवा से फरार सेक्सटॉर्शन गिरोह के मास्टरमाइंड सलमान खान को देहरादून से गिरफ्तार किया है।
देहरादून। एसटीएफ ने गोवा से फरार सेक्सटार्शन गिरोह के मास्टरमाइंड को दून से गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य खूबसूरत लड़कियों का इस्तेमाल कर अमीर कारोबारियों को निशाना बनाते थे।
वह लड़कियों को अमीर लोगों के पास भेजते थे और अश्लील काम करवाते थे। इसके बाद खुद को दिल्ली में नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी होने का दावा करके उनको बंधक बनाकर मारपीट करते हुए उनसे रकम ऐंठते थे।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि नार्थ गोवा जनपद के मापुसा पुलिस स्टेशन में दर्ज इसी तरह के केस में फरार आरोपित सलमान खान निवासी महबूब कालोनी, माजरा को नेहरू कालोनी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
सलमान मुकदमे से संबंधित गैंग का हिस्सा है, जिस पर आरोप है कि वह अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर खुद को दिल्ली नारकोटिक ब्यूरो का अधिकारी बताकर मापुसा नार्थ गोवा में मुंबई के एक कारोबारी से करोड़ों रुपये की उगाही में शामिल था।
घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पूर्व में भी गोवा पुलिस ने घर पर दबिश दी, लेकिन आरोपित चकमा देकर फरार हो गया था।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने परिचित इमाद निवासी बेहट, सहारनपुर के साथ अगस्त 2023 में कालका, दिल्ली निवासी निवेदिता शर्मा से उसके घर पर मिला।
वहां पर मोहम्मद आयान, मोहम्मद वसीद, फैजान फरजान, यासर, राज चौधरी व हरिद्वार निवासी भुवन अरोड़ा से उसकी मुलाकात हुई।
आरोपितों ने मिलकर ‘सेक्सटार्शन’ गैंग बनाया। यह गैंग इस रैकेट के तहत खूबसूरत लड़कियों का इस्तेमाल करके कारोबारियों को टारगेट करता था। ये आरोपित कारोबारियों की प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर खुद को दिल्ली में नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी होने का दावा करके उन्हें बंधक बनाकर मारपीट कर मोटी रकम ऐंठते थे।
निवेदिता शर्मा के माध्यम से मुंबई के कारोबारी को फसांया
एसएसपी ने बताया कि आरोपितों ने योजना बनाकर निवेदिता शर्मा के माध्यम से मुंबई निवासी कारोबारी को अपने जाल में फंसा लिया।
आरोपितों ने नार्थ गोवा में विला हाउस फारेस्ट कुचेलिया मापुसा को किराये पर लेकर उसमें वीडियो कैमरे लगाकर योजना के तहत कारोबारी को मिलने के लिए बुलाया।
इसके बाद निवेदिता शर्मा उसके साथ विला में रुक गई। देर रात योजना के तहत गिरोह के सदस्य विला में घुस गए।
आरोपितों ने खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम का बताते हुए फर्जी पहचानपत्र दिखाया और उनका अश्लील वीडियो बनाकर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और करोड़ों रुपये ऐंठ लिए।
निवेदिता सहित अन्य आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार
कारोबारी ने इस मामले में गोवा पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने निवेदिता शर्मा निवासी कालका दिल्ली, भुवन अरोड़ा निवासी हरिद्वार व दो अन्य को गिरफ्तार करते हुए प्रकरण का पर्दाफाश किया। इस गैंग के अन्य सदस्यों को भी गोवा पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
गैंग का सरगना सलमान खान घटना के बाद से फरार चल रहा था। गोवा पुलिस ने पूर्व में भी आरोपित सलमान खान के घर पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
गोवा पुलिस ने एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क किया व सूचना के आधार पर आरोपित सलमान खान को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। अग्रिम कार्रवाई के लिए उसे गोवा पुलिस के सिपुर्द किया गया।