
देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात करीब 2:54 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि टर्नर रोड लेन नंबर-12 के पास एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
सूचना मिलते ही थाना क्लेमन्टाउन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक वाहन सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला। जांच में पता चला कि बाइक पर दो युवक सवार थे।
इनमें चालक आयुष गुसाँई (23) पुत्र माखन सिंह निवासी बाईपास रोड लालपानी खांड गांव, ऋषिकेश और तनुज मेहरा (23) पुत्र दलीप सिंह मेहरा निवासी जैनोली, अल्मोड़ा हाल निवासी होटल एनएसबी स्कॉयर, टर्नर रोड शामिल थे।
हादसे में तनुज मेहरा घायल अवस्था में मिला, जबकि आयुष गुसाँई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश पड़ा था। पुलिस और चीता कर्मियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से आयुष को कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। वहीं घायल तनुज मेहरा का वेलमेड अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। प्रारंभिक पूछताछ में तनुज ने बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने की बात कही है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।









