कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड की पीड़िता की मां सोनी देवी को आगामी विधानसभा चुनाव में उतारने पर विचार कर रही है।
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राजनीति में हलचल फिर तेज हो गई है। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में अंकिता की मां सोनी देवी को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है। संभावित पेशकश पर सोनी देवी की सहमति ही आगे की राह तय करेगी।
अंकिता को न्याय दिलाने के लिए उनके माता-पिता लगातार संघर्ष कर रहे हैं। प्रदेश से लेकर दिल्ली तक परिवार ने प्रदर्शन कर न्याय की मांग उठाई है।
बीते 14 अक्टूबर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली में इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे अंकिता के स्वजन से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने परिवार की मांगों का समर्थन किया था। इसके बाद से ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की इस मामले में सक्रियता राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सोनी देवी को चुनाव लड़ाने की कांग्रेस की पेशकश को इसी राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी के रणनीतिकारों का मानना बताया जा रहा है कि यदि सोनी देवी चुनाव लड़ने के लिए तैयार होती हैं तो अंकिता प्रकरण के साथ महिला सुरक्षा व न्याय का मुद्दा विधानसभा चुनाव के विमर्श में प्रमुखता से उठ सकता है। हालांकि, इस संभावित रणनीति पर पार्टी की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है।



