गैरसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू हो रहे उत्तराखंड विधानसभा सत्र के पहले दिन 7000 करोड़ का अनुपूरक बजट और आठ विधेयक पेश किए जाएंगे।
देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 27 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले विधानसभा सत्र के पहले ही दिन तकरीबन 7000 करोड़ का अनुपूरक बजट और आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। इससे पहले सदन में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूडी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी के यमुना कालोनी स्थित आवास में शनिवार को हुई विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया। पहले दिन निधन के निदेश के साथ ही अनुपूरक बजट व विधेयक रखे जाएंगे।
31 विधायकों ने लगाए 445 सवाल
दूसरे दिन प्रश्नकाल समेत पहले दिन प्रस्तुत किए गए अनुपूरक समेत अन्य विधेयकों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के लिए 31 विधायकों ने 445 सवाल लगाए हैं। इसके बाद दलीय बैठक भी हुई, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष ने सभी से शांतिपूर्ण व सौहादपूर्ण वातावरण में सत्र चलाने में सहयोग करने की अपील की है।
बैठकों में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा विधायक सहदेव पुंडीर व उमेश शर्मा काऊ और बसपा विधायक शहजाद उपस्थित रहे। कांग्रेस ने कार्यमंत्रणा समिति की बैठक से इस बार भी दूरी बनाए रखी। वह अगस्त 2025 में हुए सत्र से कार्यमंत्रणा की बैठकों में शामिल नहीं हो रही है।



