
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धौलास भूमि आवंटन विवाद पर कड़ा रुख अपनाया है, कहा तुष्टीकरण और साजिश बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में हुए इस आवंटन की गहन जांच होगी।
भाजपा ने भी कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए, आरोप लगाया कि उन्होंने कट्टरपंथी संगठन को जमीन दी और देवभूमि की सुरक्षा से खिलवाड़ किया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी जाएगी।
देहरादून। धौलास में विवादित भूमि आवंटन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण और साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी है।
बार-बार जनसांख्यिकी बदलाव और मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात आना कही न कहीं बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। धौलास में कांग्रेस के शासनकाल में हुआ भूमि आवंटन इसका उदाहरण है।
मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि धौलास के भूमि आवंटन प्रकरण की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं भी यह पाया जाता है कि भूमि का आवंटन नियमों के विरुद्ध किया गया है, तो यह भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी जाएगी।
उधर, भाजपा ने भी धौलास विवादित जमीन आवंटन को लेकर कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए हैं। धर्मपुर क्षेत्र से विधायक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2004 में जिस मौलाना महमूद मदनी की संस्था को जमीन दी गई,
उनका जमीयत उलेमा-ए-हिंद संगठन कट्टरपंथी गतिविधियों के लिए कुख्यात है। ऐसे में प्रश्न उठना लाजिमी है कि कांग्रेस शासनकाल में शीर्ष सैन्य संस्थान आइएमए की सुरक्षा को खतरे में डालकर मदनी को यह जमीन क्यों दी गई।
विधायक चमोली ने कहा कि जो कल तक मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वादे को नकार रहे थे, उन्हें जमीन आवंटन को लेकर गंभीर सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों की पैरवी करती है, जो हल्द्वानी में बनभूलपूरा के कब्जों पर कार्रवाई में पुलिस पर हमला करने वालों के साथ खड़े रहते हैं।
उन्होंने कांग्रेस से यह भी पूछा कि जब देवभूमि की डेमोग्राफी बचाने की कोशिश होती है, तब कांग्रेस क्यों विरोध में खड़ी हो जाती है। इस क्रम में उन्होंने यूसीसी, मतांतरण कानून, दंगारोधी कानून या धार्मिक अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई का उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वोटबैंक के लालच में कांग्रेस बार बार देवभूमि की सुरक्षा और अस्मिता दांव पर लगाती है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को चुनावों में लोकतांत्रिक तरीकों से सबक भी सिखाया है, लेकिन लगता है कांग्रेस समुदाय विशेष के प्रेम में अंधी है। चूंकि कांग्रेस देवभूमि, सनातन व हिंदुत्व विरोधी है, लिहाजा प्रदेश को कांग्रेस मुक्त किया जाना ही विकल्प है।
उन्होंने धौलास में विवादित जमीन खरीदने वालों से सहानुभूति जताते हुए कहा कि ये लैंड फ्राड भोले भाले के लोगों के साथ हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि लोगों के साथ हुई इस धोखाधड़ी पर सरकार अवश्य कार्रवाई करेगी। लेकिन, कांग्रेस पार्टी का फ्राड करने वालों के पक्ष में बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण व शर्मनाक है।









