जोशीमठ में हाथी पर्वत के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी 6 लोगों के शव दुर्गम पहाड़ी से सुरक्षित नीचे उतारे गए.
जोशीमठ: उत्तराखंड के चमोली जिले के अंतर्गत जोशीमठ के पास 30 अक्टूबर को हुए दुखद हेलीकॉप्टर क्रैश मामले में राहत एवं बचाव दलों को बड़ी सफलता मिली है. अत्यधिक दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में चले बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद, दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी 6 लोगों (पायलट और 5 श्रद्धालु) के पार्थिव शरीरों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचा दिया गया है.
कड़े भौगोलिक हालातों के बीच संयुक्त रेस्क्यू अभियान: 30 अक्टूबर को हादसे की सूचना मिलने के बाद से ही ऊंचे हिमालयी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और खड़ी चट्टानों के बीच बड़े पैमाने पर खोज अभियान चलाया जा रहा था. इस बेहद जटिल ऑपरेशन को भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस,
स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF), नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF), उत्तराखंड पुलिस, जिला प्रशासन एवं वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से संचालित किया. कड़कड़ाती ठंड और दुर्गम रास्तों की परवाह न करते हुए, जांबाज जवानों ने पैदल ही दुर्घटनास्थल तक पहुंच बनाई और 30 घंटे से अधिक समय के बाद मलबे में दबे सभी छह शवों को बाहर निकाला.
रेस्क्यू टीमों द्वारा अत्यंत कठिन पहाड़ी पगडंडियों से होते हुए सभी 6 पार्थिव शरीरों को मुख्य सड़क मार्ग तक लाया गया, जहां से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ पहुंचाया गया. अस्पताल में आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय औपचारिकताएं (पंचनामा व अन्य प्रक्रियाएं) पूरी करने के बाद, सभी पार्थिव शरीरों को एनटीपीसी (NTPC) हेलीपैड लाया गया. वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभी शवों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), ऋषिकेश के लिए रवाना कर दिया गया है, जहां आगे का परीक्षण संपन्न होगा. जिला प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है.
-सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक, चमोली-
बता दें कि 30 अक्टूबर को ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर (VT-HCX) बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र के हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे के समय हेलीकॉप्टर में कर्नाटक के पांच श्रद्धालु और दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु समेत कुल छह लोग सवार थे. हादसे में सभी की मौत हो गई.
हादसे में इन लोगों की गई थी जान:
- कैप्टन हिमांशु सभरवाल (पायलट), 48 वर्ष निवासी दिल्ली.
- प्रताप, उम्र 41 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
- अरुण सालुंके, उम्र 44 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
- वीबी शंकर गौड़ा, उम्र 39 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
- वकील सुधीर के. उम्र 50 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
- एचएस नटराजा, उम्र 51 वर्ष, निवासी कर्नाटक.



