मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर कांग्रेस के सवालों का पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार चुनावी हार के कारण जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार पिछले दो वर्षों से इस पद पर हैं, जबकि एसआइआर और उसमें संशोधन की प्रक्रिया पहले से चली आ रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लगातार चुनावी हार का सामना कर रही कांग्रेस अब एसआइआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
हरिद्वार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयान सुने हैं, जिनमें वर्ष 2018-19 के दौरान विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या बढ़ने को लेकर सवाल उठाए गए थे। लेकिन अब सही मतदाता सूची तैयार होने पर सवाल उठा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2001 से 2007, 2007 से 2012, 2012 से 2017 और 2017 से 2022 के बीच मतदाताओं की संख्या में हुए बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान मतदाताओं की संख्या बढ़ी, जबकि भाजपा की सरकार के दौरान कुछ अवधियों में इसमें कमी दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस एसआइआर को लेकर राजनीतिक आरोप लगा रही है। लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस इस प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व लंबे समय से सत्ता में रहा है और हमेशा इस पर अपना अधिकार जमाना चाहते है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामान्य परिवार से आकर देश की सेवा कर रहे हैं। इसलिए जनता चुनावों में कांग्रेस को लगातार जवाब दे रही है।



