उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में परिणाम जारी न होने से नाराज छह छात्र-छात्राएं देर रात पानी की टंकी पर चढ़ गए।
देहरादून। रिजल्ट जारी न होने से नाराज छह छात्र-छात्राएं बुधवार देर रात उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। छात्रों को नीचे उतारने के लिए पुलिस ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। इससे परिसर में देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
रात करीब नौ बजे छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर परिसर में एकत्र हुए। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ बल प्रयोग किया, जिस पर उन्होंने रोष जताया। इसके बाद छह छात्र-छात्राएं पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना पर कांग्रेस नेता मोहित उनियाल भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने टंकी पर चढ़े छात्रों से नीचे उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाता तो उन्हें इस तरह उग्र आंदोलन का रास्ता नहीं अपनाना पड़ता।
छात्रों का कहना है कि रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। यह पहला मौका नहीं है जब छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर इस तरह का कदम उठाया है। इससे पहले भी अगस्त में छात्र दो बार पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जता चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।