हल्द्वानी में वन विभाग ने गौला रेंज के देवला तल्ला बागजाला क्षेत्र से चंदन की तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज के अंतर्गत वनकर्मियों ने चंदन के तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गौलापार के देवला तल्ला बागजाला क्षेत्र में आरक्षित वन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदन के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) दीपक सिंह एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत टीम ने लगभग 1.40 कुंतल अवैध चंदन की लकड़ी बरामद की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों के घरों में अवैध रूप से भारी मात्रा में चंदन की लकड़ी रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए गौला रेंज की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और गहन तलाशी अभियान चलाया।
जांच के दौरान टीम ने देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में रह रहे साहिद निवासी बजरिया शेखना, कन्नौज और अनीस निवासी सेहरपुर, पीलीभीत के घरों पर छापा मारा। दोनों के ठिकानों से कुल 1.40 कुंतल चंदन प्रजाति की अवैध लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग ने बरामद चंदन की लकड़ी को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है।
गौला रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में वन अपराधों और तस्करी को रोकने के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।