उत्तराखंड की 11 साल की आराध्या का कमाल, 10 स्ट्रोक से पाया नेशनल गोल्फ खिताब… आठ बार जीता है एनसीआर कप
देहरादून की 11 वर्षीय आराध्या रावत ने आइटीसी ग्रैंड भारत में राष्ट्रीय गोल्फ खिताब 10 स्ट्रोक से जीता।
देहरादून । देहरादून के क्लेमेनटाउन की 11 वर्षीय आराध्या रावत ने गोल्फ में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आइटीसी ग्रैंड भारत में आयोजित राष्ट्रीय गोल्फ टूर्नामेंट में आराध्या ने ईवन पार स्कोर के साथ खिताब अपने नाम किया। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 10 स्ट्रोक की बड़ी बढ़त बनाकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।
क्लेमेनटाउन निवासी कर्नल पंकज रावत की पुत्री आराध्या की यह जीत चुनौतीपूर्ण कोर्स पर उनके बेहतरीन कोर्स मैनेजमेंट, निरंतरता और खेल में बढ़ती परिपक्वता को दर्शाती है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 10 स्ट्रोक के अंतर से जीत ने उन्हें जूनियर गोल्फ में एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।