धारचूला विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों से चार गंभीर बीमार लोगों को जिला प्रशासन की पहल पर हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
पिथौरागढ़। धारचूला विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में गंभीर रूप से बीमार चार लोगों को जिला प्रशासन की पहल पर हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। आपदा की स्थिति के बीच समय पर मिली इस मदद से मरीजों के परिजनों ने जिला प्रशासन का आभार जताया है।
जानकारी के अनुसार, सुवा गांव निवासी 52 वर्षीय कलावती देवी गंभीर रूप से बीमार थीं। वहीं बूंदी गांव निवासी 61 वर्षीय शंकर रायपा पैरालाइसिस से पीड़ित हैं। इसके अलावा सुशीला देवी और मनमती देवी को भी स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या के चलते तत्काल उपचार की आवश्यकता थी।
जिला प्रशासन का आभार
क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन ने चारों मरीजों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। परिजनों ने समय पर मदद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।
उनका कहना है कि दुर्गम क्षेत्र में आपात स्थिति के दौरान हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू की सुविधा मिलने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सका। एडीएम योगेंद्र यादव ने बताया कि आपदा काल में जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में गंभीर मरीजों की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यकता के अनुसार उन्हें उपचार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव मदद की जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को भी चिन्हित किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें भी तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। एडीएम ने कहा कि आपदा की स्थिति में जिस किसी व्यक्ति को चिकित्सा या अन्य आवश्यक सहायता की जरूरत होगी, जिला प्रशासन उसकी हरसंभव मदद करेगा।