केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के भाजपा नेता भगवत प्रसाद मकवाना को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री की स्वीकृति के बाद हुई इस नियुक्ति से उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सफाई कर्मचारियों के हित में कार्य करने की जिम्मेदारी मिली है।
देहरादून। उत्तराखंड में सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष रह चुके भगवत प्रसाद मकवाना को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति मौजूदा आयोग के शेष कार्यकाल यानी 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगी।
इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है नियुक्ति
मकवाना की नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि उन्होंने उत्तराखंड में सफाई कर्मचारियों के कल्याण और उनसे जुड़े मुद्दों पर काम करने के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी संभाली है। उनके पास अनुसूचित जातियों के कल्याण एवं सशक्तिकरण से जुड़े सामाजिक कार्यों का अनुभव है। वह एनएचपीसी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक रहने के साथ ही मैनुअल स्कैवेंजर्स के रोजगार पर रोक और पुनर्वास कानून के तहत गठित केंद्रीय निगरानी समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग में एक और सदस्य
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग में उत्तराखंड का एक और जुड़ाव सदस्य के रूप में नियुक्त प्रो. सुषमा गौड़ियाल से है। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल से स्नातकोत्तर और पीएचडी की है। वह राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की पूर्व सदस्य भी रह चुकी हैं। उनका शैक्षणिक और शोध कार्य दलित साहित्य, डॉ भीमराव आंबेडकर, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक-राजनीतिक विषयों से जुड़ा रहा है।