उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले ही भारी बारिश, सामान्य से तीन गुना ज्यादा बरसे मेघ :
उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत में ही मानसून सामान्य से तीन गुना अधिक बरसा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
हल्द्वानी । उत्तराखंड से मानसून सामान्य रूप से सितंबर के अंतिम सप्ताह में विदा हो जाता है। विदाई का माह प्रारंभ हो चुका है और इस बेला के आरंभ में ही मेघ जमकर बरस रहे हैं। शुरुआती दो दिन में सामान्य से तीन गुना तक वर्षा हो चुकी है। ऐसे में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश के साथ ही आफत बरसने से जनजीवन भी प्रभावित हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सितंबर के शुरुआती दो दिनों में प्रदेश में 19.6 एमएम सामान्य वर्षा का अनुमान रहता है। लेकिन, मौसम का मिजाज अचानक बदलने के कारण 55.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। जिसमें बागेश्वर जिले में 12.2 एमएम के सापेक्ष 79.2 एमएम मेघ बरसे हैं। जो सामान्य की तुलना में छह गुना तक अधिक है।
वहीं, अल्मोड़ा जिले में 12.2 एमएम की तुलना में 57.3 एमएम बारिश दर्ज की गई है। जो पांच गुना तक अधिक है। सबसे कम वर्षा वाले जिले की बात करें तो हरिद्वार में सबसे कम आठ प्रतिशत अधिक बदरा बरसे हैं। इधर, आगामी दिनों में राहत मिलने की संभावना फिलहाल नहीं है। ऐसे में लोगों को मौसम की मार झेलनी पड़ेगी।