चारधाम यात्रा ने रचा इतिहास: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में 7.84 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया
कुशल प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, जिसमें गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब तक 147 दिनों में 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं, और बद्रीनाथ व हेमकुंड साहिब में भी रिकॉर्ड संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।
देहरादून। कुशल प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के बीच चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है। यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं। गंगोत्री धाम में पहली बार सर्वाधिक 7.84 लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे हैं, जबकि यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या सात लाख के पार पहुंच चुकी है। चारधाम यात्रा में अब तक के यात्राकाल के 147 दिनों को देखें तो इस अवधि में 50,28,497 श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं।
गत वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45,09,324 थी। इस बार यात्रा में लगभग दो माह का समय शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होना तय है।
चारधाम यात्रा में इस बार अब 147 दिनों के 50,28,497 श्रद्धालु कर चुके दर्शन
गंगोत्री धाम की यात्रा ने इतिहास रचा है। इस बार वहां अभी तक 7,84,321 श्रद्धलु पहुंचे हैं। इससे पहले वहां वर्ष 2022 में 7,81,961, वर्ष 2023 में 7,12,749 और 2025 में 7,58,249 लोगों ने दर्शन किए थे। यमुनोत्री धाम में वर्ष 2025 में 6,44, 637 श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे थे, जबकि इस बार वहां अभी तक 7, 03,302 लोग पहुंच चुके हैं।
बदरीनाथ धाम यात्रा भी नए रिकॉर्ड की तरफ बढ़ रही है
बदरीनाथ धाम की यात्रा भी इस बार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। वहां, अभी तक 17,28,578 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। गत वर्ष इसी अवधि में वहां दर्शनार्थियों की संख्या 13,82,845 थी। श्रीहेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह है। यहां बीते वर्षों की तुलना में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 3,19,135 पहुंच चुकी है।