जम्मू-कश्मीर: बडगाम में मुठभेड़ में लश्कर का टॉप आतंकवादी मूसा मारा गया
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. एक मुठभेड़ में लश्कर के टॉप आतंकी को माराया.
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मंगलवार को सुरक्षा बलों को एक मुठभेड़ में सफलता हाथ लगी है. सुरक्षा बलों ने एक खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक मोस्ट वांटेड आतंकी को मार गिराया.
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक मोस्ट वांटेड आतंकवादी मंगलवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचे इलाकों में राष्ट्रीय राइफल्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया. हालांकि कश्मीर स्थित चिनार कोर ने मारे गए आतंकवादी की पहचान नहीं बताई, लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ ‘मूसा’ के रूप में की है.
सेना ने ट्वीट किया कि उसने दूसरे सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग के आम इलाके में एक ऑपरेशन शुरू किया. इसमें कहा गया, ‘चौकस सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी, और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई जिसमें एक आतंकवादी मारा गया.’