देहरादून जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में 3992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या 11.94 लाख से अधिक हो गई है।
देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद दून जनपद में मतदाता सूची में 3992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है। पुनरीक्षण के दौरान 36,042 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से 32,050 नाम हटाए गए।
जिले में अब 11,94,797 मतदाता
शनिवार को जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में अब 11,94,797 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें सहसपुर विधानसभा क्षेत्र सर्वाधिक मतदाताओं के साथ पहले स्थान पर है, जबकि धर्मपुर दूसरे और डोईवाला तीसरे स्थान पर है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. आशीष चौहान ने शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अंतिम मतदाता सूची जारी की। सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और सर्विस निर्वाचक नामावली की हार्ड और साफ्ट कापी राजनीतिक दलों को सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने सभी से आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में भी निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की। इस दौरान बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविन्द्र ज्वांठा और जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली मौजूद रहे।
भाजपा से अरविंद कुमार जैन और महेश गुप्ता, सीपीआइ (एम) से अनंत आकाश, कांग्रेस से जसविंदर सिंह और सुनील जायसवाल, बसपा से सतेन्द्र कुमार और सतेन्द्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा शामिल हुए।
महिला मतदाताओं की संख्या में भी इजाफा
14 जुलाई को जारी प्रारूप सूची में 6,15,349 पुरुष, 5,75,404 महिलाएं व 52 ट्रांसजेंडर समेत कुल 11,90,805 मतदाता थे। अंतिम सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 6,17,041 और महिला मतदाताओं की संख्या 5,77,706 हो गई है। ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 50 दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त 9371 सर्विस मतदाता भी सूची में शामिल हैं।
सहसपुर में सबसे अधिक मतदाता
विधानसभा क्षेत्रवार सहसपुर में 1,60,507, धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता हैं। चकराता में 1,04,060, विकासनगर में 1,00,402, मसूरी में 98,953, दून कैंट में 89,209 व राजपुर रोड में 80,569 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में कुल 2045 मतदान केंद्र तय किए गए हैं।



