देहरादून वन प्रभाग ने झाझरा रेंज के कंडोली-1 क्षेत्र में 1015 वर्गमीटर आरक्षित वनभूमि पर 15 साल पुराने अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटाया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई, जिसमें अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को वन विभाग के कब्जे में लिया गया।
देहरादून। आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ देहरादून वन प्रभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। झाझरा रेंज के कंडोली-1 क्षेत्र में 1015 वर्गमीटर आरक्षित वनभूमि पर वर्ष 2006-07 से किए गए अनधिकृत निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद भूमि को दोबारा वन विभाग के कब्जे में ले लिया गया। मौके पर राजस्व विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कंडोली-1 में स्थित आरक्षित वन भूमि पर वर्ष 2006-07 से था अवैध कब्जा
उप प्रभागीय वनाधिकारी अभिषेक मैठाणी के अनुसार, संबंधित भूमि पर अतिक्रमण के मामले में विभाग की ओर से पहले ही निर्माण हटाने के निर्देश जारी किए गए थे। सात अगस्त 2009 को निर्माण हटाने का आदेश पारित हुआ, जिसके खिलाफ की गई अपील भी चार सितंबर 2009 को निरस्त कर दी गई थी।