मसूरी में आज भी जाम, ऋषिकेश में जारी राफ्टिंग का रोमांच… आज लौटेंगे सैलानी
तीन दिवसीय सप्ताहांत के चलते उत्तराखंड के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहे, जहां मसूरी में जाम और ऋषिकेश में राफ्टिंग का रोमांच देखने को मिला।
देहरादून। तीन दिन के सप्ताहांत के चलते उत्तराखंड के पर्यटन स्थल सैलानियों से सराबोर हैं। मसूरी का लाइब्रेरी बाजार जाम से बेहाल है। किंग्करेग लाइब्रेरी, मोतीलाल नेहरू मार्ग, लाइब्रेरी बाजार मॉल रोड पर वाहन रेंगते हुए चल रहे हैं।
ऋषिकेश में पर्यटकों ने राफ्टिंग व बंजी जम्पिंग का लिया आनंद
ऋषिकेश: चारधाम यात्रा के बीच तीन दिन के सप्ताहांत के चलते ऋषिकेश में राफ्टिंग और नैसर्गिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचे पर्यटक आज तीसरे व अंतिम दिन लौटने लगेंगे। पर्यटकों की वापसी के कारण आज सुबह से जाम के हालात देखने को मिलने लगे हैं।
दोपहर से भीषण जाम की स्थिति देखने को मिलेगी। बता दें कि तीन के सप्ताहांत के चलते पंजाब, यूपी, दिल्ली, चंडीगढ़ आदि समीपवर्ती क्षेत्रों से अधिक संख्या में पर्यटक वाहन गुरुवार शाम व शुक्रवार सुबह ऋषिकेश की ओर आते रहे, जिससे ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन, लक्ष्मणझूला आदि क्षेत्रों में भीषण जाम बना रहा।
पर्यटकों ने राफ्टिंग व बंजी जम्पिंग का आनंद लिया। पुलिस के यातायात प्लान भी यातायात प्रबंधन में पूरी तरह विफल साबित होते रहे।
छुट्टियों में गुलजार रही पर्यटन नगरी, अब लौटने लगे पर्यटक
लैंसडौन। पर्यटन नगरी में छुट्टियां बिताने के बाद अब पर्यटकों के वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीते दो दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटकों ने लैंसडौन के विहंगम प्राकृतिक दृश्यों का लुत्फ उठाने के साथ ही नगर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया।
इससे टिप-इन-टॉप, भुल्ला ताल और चर्च क्षेत्र समेत अन्य स्थलों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। पर्यटकों की भारी आमद के चलते नगर में कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बनी रही। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी। अब छुट्टियां समाप्त होने के साथ ही पर्यटकों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है।



