मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला, कहा- ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम नहीं बल्कि, ‘झूठ की गूंज’ है.
देहरादून: उत्तराखंड में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसे लेकर राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं. राजनीतिक पार्टियों की ओर से की जा रही तैयारियों के साथ ही तमाम मुद्दों को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस, बीजेपी पर हमलावर भी नजर आ रही है. हाल ही में उत्तराखंड दौरे पर आए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी विवादित टिप्पणी की थी. जिसके बाद ही विपक्षी दल कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर नजर आ रही है, तो वहीं सीएम धामी ने इस पूरे मामले पर कांग्रेस को नाराज फूफा करार दिया है.
कांग्रेस और राहुल गांधी को बताया नाराज फूफा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वो ‘नाराज फूफा’ हैं. कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है. यही कारण है कि राहुल गांधी, छात्रों की गूंज जैसे कार्यक्रमों के जरिए झूठ और भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं. ऐसे में उनका छात्रों की गूंज कार्यक्रम नहीं बल्कि वो झूठ की गूंज है. साथ ही राहुल गांधी की ओर से किए गए कई दावे फैक्ट चेक में गलत साबित हुए हैं.
शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़कर फैलाया भ्रम: सीएम धामी ने शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के प्रयास पर कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस विषय पर भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश की. जबकि, वास्तविकता ये है कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था. इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था. इतना ही नहीं इस आयोजन को करने वाले भाई खुद अनुसूचित समाज से थे. इससे कांग्रेस की ओर से गढ़े गए पूरे नैरेटिव की सच्चाई जनता के सामने आ गई है.
जमीनों को लेकर राजनीति कर रही कांग्रेस: इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के पास की मुद्दा नहीं बचा है, तो वहीं अब जमीनों को लेकर राजनीति कर रही है. जबकि, यूआईआईडीबी यानी ‘उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट बोर्ड‘ (UIIDB) पहले पंजाब और गुजरात में बन चुकी है, जहां बेहतर काम कर रही है. उसी के तर्ज पर प्रदेश में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए इस संस्था को बनाया गया है.
कांग्रेस के समय में बिकती थी जमीनें: जबकि, कांग्रेस जमीन बेचने की बात कही रही है, लेकिन जमीनें कांग्रेस के समय में बिकती थी. सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट किया था. जिसमें तमाम इन्वेस्टर्स आए थे, ऐसे में नियमों के आधार पर व्यवस्थाएं बनाई गई है, लेकिन कांग्रेस को उत्तराखंड में आ रहा निवेश और युवाओं के लिए बन रहे रोजगार के अवसर भी रास नहीं आ रहा है
हमारी सरकार ने खाली कराए 13 हजार एकड़ जमीन, कांग्रेस को हो रही परेशानी: सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि को मुक्त कराया है. इस कार्रवाई से भी कांग्रेस को परेशानी हो रही है. कांग्रेस इस पर कभी ये नहीं बोलती कि सरकार ने अच्छा काम किया है. यही वजह है कि उन्हें कई नामों की उपाधि दी जाती है.
उत्तराखंड की जमीन हरी घास नहीं, कोई भी आकर चर जाए: वहीं, बनभूलपुरा में अतिक्रमण के विषय पर कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे चरित्र को उजागर करती है. क्योंकि, बनभूलपुरा में कांग्रेस पार्टी के लोगों ने बसाया है. सीएम धामी ने कहा कि ‘उत्तराखंड की जमीन कोई हरी घास नहीं है कि कोई भी आए और चरकर चला जाए.’ उत्तराखंड की एक-एक इंच जमीन और देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार पूरी दृढ़ता के साथ काम करती रहेगी.