हरीश रावत की यात्रा पर कांग्रेस का ब्रेक! कुमारी शैलजा ने चिट्ठी लिखकर कार्यक्रम रोकने को कहा
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस की महासचिव एवं सांसद कुमारी शैलजा ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत को पत्र लिखकर उनकी प्रस्तावित यात्रा और कार्यक्रमों पर रोक लगाने को कहा है।
1 अक्टूबर 2026 को लिखे पत्र में कुमारी शैलजा ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि हरीश रावत राज्य में यात्रा निकाल रहे हैं। यह कार्यक्रम न तो उनके साथ और न ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ चर्चा किया गया है। पत्र में रावत के हालिया कथित विवादित बयानों का भी उल्लेख किया गया है।
कुमारी शैलजा ने कहा कि राज्य में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे समय में पार्टी को एकजुट होकर आगे बढ़ना है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस समय किसी भी तरह का समानांतर कार्यक्रम पार्टी के हित में नहीं होगा।
पत्र के अंत में शैलजा ने हरीश रावत से कहा है कि वह इन कार्यक्रमों को आगे न बढ़ाएं।
सियासी संदेश साफ
कांग्रेस हाईकमान की इस चिट्ठी को उत्तराखंड कांग्रेस में अनुशासन और एकजुटता को लेकर दिए गए कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। चुनावी तैयारियों के बीच हरीश रावत की सक्रियता पर पार्टी नेतृत्व की आपत्ति ने प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी सियासत को फिर चर्चा में ला दिया है।



