Big Breaking:-उत्तराखंड के टिहरी में जंगल की आग रोकने को 196 फायर वाचर तैनात, असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई

टिहरी वन प्रभाग ने बढ़ते तापमान और शुष्क मौसम के कारण जंगल की आग की घटनाओं को रोकने के लिए 53 क्रू-स्टेशन पर 196 फायर वाचर तैनात किए हैं।

नई टिहरी। बीते एक सप्ताह से तापमान में अत्यधिक वृद्धि हुई है और मौसम काफी शुष्क है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बढ़ते तापमान व गिरती आर्द्रता से जंगल में आग की घटनाओं की भी प्रबल संभावना जताई गई है।

जिसको देखते हुए टिहरी वन प्रभाग की ओर से 53 क्रू-स्टेशन पर 196 फायर वाचरों को तैनात किया गया है।

प्रभागीय वनाधिकारी टिहरी वन प्रभाग (डीएफओ) पुनीत तोमर ने बताया कि वायरलैस की सुचारूता व वनाग्नि शमन उपकरण और प्रर्सनल प्रोटेक्टिंव गेयर की उपलब्धता को सुदृढ़ किया गया है।

फायर वाचर व अन्य नियमित कर्मचारियों को अग्निशमन के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए है। सभी फायर वाचर का जीवन बीमा कराया गया है।

सैटेलाअट व फोरेस्ट फायर एप के माध्यम से प्राप्त सभी फायर एलर्ट पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

इसके साथ ही पुलिस विभाग के समन्वय से वनाग्नि लगाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध भी भारतीय न्याय संहिता व भारतीय वन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके लिए क्षेत्र में अवस्थित सीसीटीवी कैमरा सिस्टम, ड्रोन व मुखबिर तंत्र की सहायता ली जा रही है। बताया कि जंगल में आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध जीरो टोलरेंस पालिसी अपनाई जाएगी।

इसके अलावा वन क्षेत्रों से आग की संभावना को कम करने और ग्रामीणों की आजीविका संबर्द्धन के लिए वृहद स्तर पर पिरूल एकत्रीकरण कार्यक्रम गतिमान है। जिसमें केवल टिहरी वन प्रभाग से पांच हजार कुंतल पिरूल एकत्रीकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।

जंगल में आग लगाने वालों की विभाग को दें सूचना

प्रभागीय वनाधिकारी टिहरी वन प्रभाग पुनीत तोमर ने ग्रामीणों और आम जनमानस से अपील की है कि जंगल में आग की रोकथाम के लिए वन विभाग को समर्थन दें।

असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कोई भी सबूत या तथ्य होने पर उत्तराखंड वन विभाग की ओर से संचालित एकीकृत हेल्पलाइन नंबर 1926 या मास्टर कंट्रोल रूम, टिहरी वन प्रभाग के नंबर 7248542649 या जिला आपदा प्रबंधन केंद्र, टिहरी के नंबर 01376-233433, 01376-234793 पर सूचना दें।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें