Department

Big Breaking:-उत्तरकाशी: यमुनोत्री यात्रा में जाम का झाम, संकरे हाईवे पर फंस रहे हैं श्रद्धालु

यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्री संकरे हाईवे और चौड़ीकरण कार्य के कारण कई स्थानों पर जाम में फंस रहे हैं, जिससे उन्हें दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।

बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्री कई जगह हाईवे संकरा होने और चौड़ीकरण कार्य चालू होने से जाम में फंस रहे हैं।

बड़कोट नगर सहित स्यानाचट्टी से रानाचट्टी, रानाचट्टी से हनुमान चट्टी और असनोलगाड से फूलचट्टी तक जगह-जगह जाम की समस्या बनी हुई है।

इस कारण तीर्थयात्रियों को दो से तीन घंटे तक जाम में फंसना पड़ रहा है। इससे उनकी यात्रा का भी शेड्यूल गड़बढ़ा रहा है।

चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव बड़कोट नगर पालिका में हाईवे बेहद संकरा है। वहीं, पालीगाड से जानकीचट्टी तक जगह-जगह चौड़ीकरण कार्य चालू है।

चौड़ीकरण कार्य का मलबा व पत्थर कई जगह हाईवे पर अब तक भी नहीं हट पाये हैं, जो कि चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में उमड़ रहे यात्री वाहनों के सुचारू आवागमन में बाधा बने हुए हैं।

इस कारण हाईवे के संकरे हिस्सों के साथ ही चौड़ीकरण वाले क्षेत्रों में भी जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।

बड़कोट नगर क्षेत्र में सरुखेत से बड़कोट बाजार और बड़कोट बाजार से इंटर कालेज तक दो किमी, स्यानाचट्टी से रानाचट्टी तक चार किमी, रानाचट्टी से हनुमान चट्टी तक दो किमी और फिर असनोलगाड से फूलचट्टी तक तीन किमी सहित कुल 11 किमी क्षेत्र में यात्री वाहनों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

यहां चारधाम सड़क परियोजना में चारधाम यात्रा के मद्देनजर कटिंग कार्य बंद होने के बावजूद निर्माण कंपनी की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।

बड़कोट से यमुनोत्री धाम तक तीन से चार घंटे में होने वाली यात्रा में ही छह से सात घंटे का समय लग रहा है। इस कारण तीर्थयात्रियों की यात्रा का शैड्यूल गड़बढ़ाने से भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप राणा का कहना है कि यमुनोत्री हाईवे पर यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। यमुनोत्री मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था एवं मंदिर समिति की प्रबंधन व्यवस्था भी पूरी तरह से फेल है।

गंगोत्री हाईवे पर गेट सिस्टम में फंस रहे यात्री

गंगोत्री हाईवे पर उत्तरकाशी से भैरोंघाटी तक सड़क मार्ग पर चौड़ीकरण नहीं हो पाने के चलते पुलिस की ओर से यातायात के संचालन को संकरे स्थानों पर गेट सिस्टम अपनाया गया है।

लेकिन गेट सिस्टम के चलते भी यात्रियों को एक से डेढ़ घंटे तक फंसना पड़ रहा है। वहीं, यात्री वाहन भी सड़कों पर रेंगते नजर आ रहे हैं।

यहां गंगनानी, डबरानी, सोनगाड़ व सुक्की क्षेत्र तक गेट सिस्टम से ही वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है, जिसमें पहले एक साइड के वाहनों को निकाला जाता है, फिर निर्धारित समय बाद दूसरी साइड के वाहनों को आने दिया जाता है।

इस कारण गंगोत्री के दर्शन कर तीर्थयात्रियों को मुख्यालय पहुंचने में ही घंटों का समय लग रहा है। हालांकि यहां गेट सिस्टम नहीं हो तो जाम की गंभीर हो सकती है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top