देहरादून के पटेलनगर में एक 15 वर्षीय किशोर ने 6 साल की मासूम के साथ दरिंदगी की। आरोपी किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक किशोर ने 6 साल की मासूम को पहले गंदी फिल्म दिखाई और इसके बाद उसके साथ दरिंदगी की। गंभीर हालत में पीड़ित को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने किशोर को संरक्षण में ले लिया है। उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह पटेलनगर क्षेत्र में मजदूरी करता है। उसके पड़ोस में ही 15 साल का किशोर रहता है, उसके स्वजन भी बिहार के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। सोमवार रात को किशोर बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। किशोर ने मोबाइल पर मासूम को पहले गंदी फिल्म दिखाई। इसके बाद मासूम से कहा कि वह भी ऐसे ही करते हैं। किशोर ने मासूम के साथ दरिंदगी की, जिसके चलते मासूम की हालत बिगड़ गई।
जब इस संबंध में स्वजनों को सूचना मिली तो हंगामा मच गया। किशोर घटनास्थल से फरार हो गया। आनन-फानन में मासूम को अस्पताल भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस ने किशोर को संरक्षण में ले लिया।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोर 15 वर्ष का है, ऐसे में उसे जुवेनाइल कोर्ट के समक्ष पेश गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।



