नैनीताल में शादी समारोह में जा रहे टेंपो को कार ने मारी टक्कर, महिला की मौत; 4 बच्चों समेत 13 घायल
रामनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर शादी में जा रहे टेंपो और कार की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित 13 लोग घायल हो गए।
रामनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर रात में शादी में जा रहे टेंपो की कार से टक्कर हो गई। दुर्घटना में महिला की मौत हो गई जबकि चार बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों को रेफर किया गया है। तीन का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
सोमवार रात में रामनगर के मोहल्ला ऊंटपडाव खताड़ी से 13 लोग टेंपो में पीरूमदारा स्थित बैंक्वेट हाल में शादी समारोह में जा रहे थे। बताया जाता है कि राजमार्ग पर टांडा चिलकिया के समीप सामने से आ रही कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। टेंपो पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। इस बीच उधर से गुजर रहे लोग बचाव के लिए मौके की ओर दौड़े। दुर्घटना में घायलों को सरकारी अस्पताल व निजी अस्पताल पहुंचाया गया।



