पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आदि कैलास परिक्रमा रन का दूसरा संस्करण आयोजित होगा।
पिथौरागढ़। सहायक निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी ने बताया कि जनपद पिथौरागढ़ के विकासखंड धारचूला की व्यास घाटी में आयोजित होने वाला आदि कैलास परिक्रमा रन भारत की अनूठी एवं चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड मैराथन (अल्ट्रा रन) में शामिल है।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस वर्ष इसके द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य केंद्र एवं बेस कैंप गुंजी गांव
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य केंद्र एवं बेस कैंप गुंजी गांव में बनाया गया है। समुद्र तल से लगभग 10,500 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर बर्फीले एवं अत्यंत चुनौतीपूर्ण भू-भाग में आयोजित होने वाली यह दौड़ प्रतिभागियों के लिए रोमांच एवं साहस की अनूठी परीक्षा होगी। धावक गुंजी, नाबी, कुटी एवं जोलिंगकोंग (आदि कैलाश बेस) सहित सामरिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांत क्षेत्रों से होकर गुजरेंगे।
इस वर्ष 70 किलोमीटर अल्ट्रा रन जोलिंगकोंग से शुरू होकर छियालेख तक जाएगी और वहां से वापस गुंजी में समाप्त होगी। वहीं 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर रन गुंजी से प्रारंभ होकर कुटी की ओर जाएगी तथा वापस गुंजी में समाप्त होगी।
उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को 70 किलोमीटर अल्ट्रा रन एवं 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 25 अक्टूबर 2026 को 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर रन तथा 26 अक्टूबर 2026 को माउंटेन टेरेन बाइकिंग (एमबीटी ) का आयोजन किया जाएगा।
आदि कैलास परिक्रमा रन-2026 में इस वर्ष लगभग 1000 प्रतिभागियों के पंजीकरण एवं प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतिभागियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। पर्यटन विभाग द्वारा इस आयोजन के माध्यम से आदि कैलाश क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।



