केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में शामिल होने देहरादून पहुंचे, जहां सीएम धामी ने उनका स्वागत किया और राज्य के विकास पर बात की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अंकिता न्याय यात्रा से जुड़े लोगों ने शाह के दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाए।
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। शाह परेड ग्राउंड पहुंचे। उनके पहुंचे ही परेड ग्राउंड मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। वह उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में शिरकत कर रहे हैं। इस दौरान राज्य की विकास यात्रा पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह को उत्तराखंड की टोपी और गंगाजली की प्रदान और समुद्र मंथन का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। गृह मंत्री ने 1474 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
सीएम धामी ने किया गृह मंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्योत्सव पर शुभकामनाएं दी। प्रदेशवासियों की और से गृह मंत्री का स्वागत किया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अहम निर्णय लिए गए। आतंकवाद, अलगाववाद व नक्सलवाद के खिलाफ ठोस निर्णय लिए गये। पुलिस कलर के लिए पुलिस को शुभकामनाएं दी। कहा कि स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना गौरव की बात। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। इनके कार्यकाल में चुनाव के निर्णय सही, एसआईआर की प्रक्रिया सही रहती है और विपक्ष में आते ही गलत हो जाती है। उत्तराखंड के मान सम्मान से कोई मतलब नहीं, इनके नेता राज्य का नाम रोशन करने वालों का उपमान करते हैं, वहीं सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंडियों को घुसपैठिया बताते हैं। सतत विकास लक्ष्यों में पहला साथ मिला।
कहा कि खनन के लिए भी केंद्र से सहयोग मिला। प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता को लागू करने वाला पहला प्रदेश है। 100 से अधिक नकल माफियों को जेल भेजा है। वहीं विपक्ष के नेता कहते हैं कि कोई कार्रवाई नहीं हुई। देवभूमि की जनता विकास चाहती है, सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
इसके बाद शाम रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान (प्रेसिडेंट्स कलर) से अलंकृत करेंगे।
लिखे ‘अमित शाह गो बैक’ स्लाेगन
देहरादून में गृहमंत्री अमित शाह का गांधी पार्क से विरोध करने जा रहे अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं गृहमंत्री अमित शाह के परेड मैदान आने के दौरान बीती रात्रि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गो बैक लिखा।
काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
डोईवाला में देहरादून एयरपोर्ट के समीप काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट के पास आसमान में काले गुब्बारे छोड़े। अंकिता भंडारी के मामले में दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन व पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्योत्सव समारोह में उनकी मौजूदगी प्रदेश के स्थापना दिवस से जुड़े आयोजनों का प्रमुख आकर्षण रहेगी।



