Department

Big Breaking:-देहरादून के 95% झरनों में बैक्टीरिया, बारिश के बाद ई-कोलाई 11 गुना बढ़ा

देहरादून के 11 प्राकृतिक झरनों के 95% नमूनों में कोलीफार्म बैक्टीरिया और 68% में ई-कोलाई पाया गया, बारिश के बाद ई-कोलाई 11 गुना बढ़ गया। यह अध्ययन जीबी पंत संस्थान ने किया और चकराता जैसे क्षेत्रों में पेयजल सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाता है, सीधे पानी पीने से बचने की सलाह दी गई है।

देहरादून । पहाड़ों के झरनों से निकलने वाले पानी को शुद्ध मानकर सीधे पीने वालों के लिए खतरे की घंटी है। देहरादून के 11 प्राकृतिक जलस्रोतों से लिए गए 22 नमूनों की जांच में करीब 95 प्रतिशत में कुल कोलीफार्म बैक्टीरिया मिले, जबकि 68 प्रतिशत से अधिक नमूनों में ई-कोलाई की मौजूदगी सामने आई। मानसून के बाद स्थिति और बिगड़ी। बारिश के बाद ई-कोलाई का औसत स्तर 11 गुना से अधिक बढ़ गया।

जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के अध्ययन में वर्ष 2025 में मानसून से पहले और बाद में झरनों के पानी की जांच की गई। पहले पांच जलस्रोतों में ई-कोलाई मिला था, जबकि बारिश के बाद यह संख्या बढ़कर 10 हो गई। यानी 11 में से लगभग सभी झरने मलजनित प्रदूषण की चपेट में पाए गए।

ई-कोलाई की औसत मात्रा मानसून से पहले 4.4 एमपीएन प्रति 100 मिलीलीटर थी, जो बाद में बढ़कर 50.6 एमपीएन पहुंच गई। कुल कोलीफार्म का औसत स्तर भी करीब 200 से बढ़कर 1,860 एमपीएन हो गया। बारिश के दौरान जलस्रोतों के पुनर्भरण क्षेत्र में बहकर पहुंचने वाला मानव और पशुओं का अपशिष्ट पानी को दूषित कर सकता है। हालांकि, प्रदूषण के सटीक स्रोत की पुष्टि नहीं हुई है।

यह है बैक्टीरिया व ई-कोलाई

बैक्टीरिया सूक्ष्म जीव होते हैं, जिनमें कुछ बीमारी फैलाते हैं। ई-कोलाई ऐसा बैक्टीरिया है, जो सामान्यतः मानव और पशुओं की आंत में पाया जाता है। पानी में इसकी मौजूदगी मलजनित प्रदूषण का संकेत है। इसकी कुछ किस्में दस्त, उल्टी और गंभीर संक्रमण का कारण बन सकती हैं।

चकराता में झरनों पर निर्भरता, जंगल घटे

जिले की 36.7 प्रतिशत पेयजल योजनाएं नदी नालों, नौलों और गधेरों से जुड़ी हैं, जबकि 18.8 प्रतिशत योजनाओं में झरनों का पानी इस्तेमाल होता है। चकराता में करीब 27 प्रतिशत पेयजल योजनाएं झरनों पर निर्भर हैं। ऐसे में दूषित पानी का खतरा सीधे गांवों और परिवारों तक पहुंचता है।

अध्ययन के अनुसार, 2017 से 2024 के बीच घने वन क्षेत्र 48.49 से घटकर 43.52 प्रतिशत रह गया, जबकि निर्मित क्षेत्र 7.42 से बढ़कर 10.33 प्रतिशत हो गया। जंगलों में कमी और बस्तियों के विस्तार से जलस्रोतों के पुनर्भरण क्षेत्र पर दबाव बढ़ने की आशंका है। हालांकि इसे बैक्टीरिया प्रदूषण का प्रत्यक्ष कारण साबित नहीं किया गया है।

अच्छे गुणवत्ता सूचकांक के बावजूद पानी असुरक्षित

समग्र जल गुणवत्ता सूचकांक में अधिकांश नमूने अच्छी श्रेणी में रहे, लेकिन बैक्टीरिया की मौजूदगी ने पेयजल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। पानी का सामान्य गुणवत्ता सूचकांक अच्छा होना उसे पीने योग्य होने की गारंटी नहीं है।

अध्ययन में शामिल विज्ञानी एमएस लोढ़ी ने मानसून के बाद झरनों का पानी सीधे पीने से बचने और उसे उबालकर या उचित क्लोरीनीकरण के बाद इस्तेमाल करने की सलाह दी है। पेयजल में ई-कोलाई और कुल कोलीफार्म का अनुपस्थित होना जरूरी है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top