हरिद्वार होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में 30 अभ्यर्थियों के दस्तावेज प्रथम दृष्टया फर्जी पाए गए हैं, जिनमें स्काउट और स्पोर्ट्स प्रमाणपत्र प्रमुख हैं।
हरिद्वार। होमगार्ड भर्ती में दस्तावेजों की जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल 30 अभ्यर्थियों के दस्तावेज प्रथम दृष्टया फर्जी पाए गए हैं। इनमें स्काउट और स्पोर्ट्स के प्रमाणपत्र सबसे अधिक संदेह के घेरे में हैं। इसके अलावा एनसीसी और शैक्षिक प्रमाणपत्रों में भी गड़बड़ी सामने आई है।
होमगार्ड के 227 पदों पर भर्ती के लिए करीब 11 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से मेरिट के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसी दौरान 30 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी सामने आई है।
होमगार्ड कमांडेंट गौतम कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान 30 अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने और संबंधित प्रमाणपत्रों की सत्यता स्पष्ट होने के बाद ही आगे की स्थिति सामने आएगी।
फिलहाल इन अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर करते हुए आला अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। अग्रिम निर्देश प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
एआइ की भी आशंका
जांच के दायरे में यह पहलू भी शामिल है कि कथित फर्जी प्रमाणपत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से तैयार किए गए हैं या इन्हें किसी अन्य तरीके से बनाया गया है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दस्तावेजों में गड़बड़ी के तरीके और वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



