रुद्रपुर के बगवाड़ा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।
रुद्रपुर। बगवाड़ा क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा भांजे की मृत्यु हो गई। इसका पता चलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
मूलरूप से देवरिया यूपी निवासी 46 वर्षीय अच्छे लाल कुछ दिन पहले अपनी बहन के घर सैंजनी रुद्रपुर आए थे। शुक्रवार रात उनकी ट्रेन थी। इसके लिए उनका 21 वर्षीय भांजा रोहित चौहान बाइक से छोड़ने जा रहा था।
जैसे ही वह बगवाड़ा पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों मामा भांजे घायल हो गए। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर तेजी से फरार हो गया। यह देख आसपास के लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर बगवाड़ा चौकी प्रभारी निर्मल लटवाल पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी मृत्यु हो गई। एक साथ मामा भांजे की मृत्यु से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।



