उत्तराखंड में मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत कार्य को परखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री औचक रूप से प्रदेश के किसी भी जिले या स्थान पर जाकर किसी भी सड़क का मुआयना कर सकते हैं।
उत्तराखंड में मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत कार्य को परखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री औचक रूप से प्रदेश के किसी भी जिले या स्थान पर जाकर किसी भी सड़क का मुआयना कर सकते हैं। सड़क की स्थिति खराब मिलने या निर्माण में गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को हिन्दुस्तान से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि मानसून के दौरान सड़कों को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों और राज्य में आने वाले तीर्थयात्री, पयर्टकों की सुविधा के लिए इन सड़कों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ ठीक किया जा रहा है। अफसरों को 15 अक्तूबर तक क्षतिग्रस्त सड़कों का गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। औचक निरीक्षण में अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
त्योहारों पर अतिरिक्त सतर्कता बरते पुलिस
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में राज्य के पवित्र तीर्थस्थलों और पर्यटक स्थलों में देश भर से लोग आ रहे हैं। उनकी सुविधा, सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। पुलिस निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से दौरे करें।
धामी आज चंपावत में
सीएम धामी रविवार को चंपावत में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर में विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें नागार्जुन पार्क का लोकार्पण, बैडमिंटन कोर्ट आदि निर्माण कार्यों का शुभारम्भ एवं खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं किट वितरण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।



