Big Breaking:-कर्नल रोहित ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, ब्रिगेडियर जोशी की मौत मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की

ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (सेनि) की मौत पर सियासी और सामाजिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।

देहरादून। ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (सेनि ) की मौत के मामले में सियासी और सामाजिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस से इसे केवल हादसा न मानकर षड्यंत्र के रूप में भी जांच करने की मांग की है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी ने मंगलवार को देहरादून पहुंचकर कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर जोशी की मौत दो गुटों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली से हुई, जो बेहद चिंताजनक है। इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कर्नल चौधरी ने कहा कि पूरे प्रदेश के पूर्व सैनिक इस दुख की घड़ी में जोशी के परिवार के साथ खड़े हैं।

कर्नल रोहित ने जांच की मांग की

कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि दिनदहाड़े तीन किलोमीटर तक दो वाहनों का तेज रफ्तार में पीछा करना और लगातार फायरिंग होना दर्शाता है कि कानून-व्यवस्था कमजोर हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कहा यह घटना पहली नहीं बल्कि लगातार जारी है। इस मौके पर कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की इस तरह मौत होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। देहरादून में लगातार दिनदहाड़े हो रही घटनाएं सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती हैं।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि मामले की न्यायिक जांच कराई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें