
अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार का पुतला फूंका और उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अल्मोड़ा। मुख्यालय में नीट यूजी परीक्षा लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर शिक्षित बेरोजगारों के हितों के साथ लगातार खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। मौके पर केंद्र सरकार का पुतला फूंक जमकर नारेबाजी की।
शुक्रवार को माल रोड स्थित चौघानपाटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठन और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से देशभर के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
भाजपा सरकार के 10 वर्ष के शासन में 70 से अधिक पेपर लीक मामले सामने आ चुके है। करीब छह करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ मोदी सरकार खिलवाड़ कर चुकी है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को माफिया के हवाले कर दिया है। “डिजिटल सुरक्षा” और “पारदर्शिता” के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार युवाओं का विश्वास बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
अब लाखों छात्रों को दोबारा मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि देश में ऐसी कोई परीक्षा नहीं बची जो भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़ी हो। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
इस दौरान तारा चंद्र जोशी, नारायणदत्त पांडे, आनंद सिंह बिष्ट, पूरन रौतेला, तारा तिवारी, अरविंद रौतेला, विकास कुमार, इसरार अहमद, नरेश बारकोटी, राधा बिष्ट, गौरव जोशी, पारस डसीला, दीक्षा सुयाल, राज चौहान, रजत कुमार, अनूप कुमार, निर्मल मेर, वैभव पांडे, गौरव नेगी और योगेश जोशी समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









