Department

Big Breaking:-मसूरी में वीकेंड पर पर्यटकों का हुजूम, घंटों जाम में फंसे रहे सैलानी

मसूरी में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। घंटों जाम में फंसकर पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में वीकेंड पर उमड़ी पर्यटकों की भारी भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेपटरी कर दिया। शनिवार से शुरू हुआ जाम का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा।

मसूरी घूमने पहुंचे पर्यटकों को सुहावने मौसम के बीच घंटों ट्रैफिक जाम में फंसकर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि कई जगह पैदल चलना और सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी, कैंपटी फाल, धनोल्टी और देहरादून पहुंचे।

देहरादून में मई के महीने में भी मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि मसूरी में ठंडक बरकरार है।

इसी कारण वीकेंड पर पर्यटकों का जबरदस्त दबाव देखने को मिला। रविवार सुबह नौ बजे से रात तक मसूरी शहर के प्रमुख मार्ग जाम से जूझते रहे। किंक्रेग, गांधी चौक, जीरो प्वाइंट, कैंपटी रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, सर्कुलर रोड, स्प्रिंग रोड, पिक्चर पैलेस, अपर मालरोड और चार दुकान क्षेत्र में यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

दोपहर में थोड़ी राहत मिलने के बाद शाम ढलते ही फिर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जीरो प्वाइंट से किंक्रेग तक वाहन रेंगते नजर आए। स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि मसूरी में पार्किंग की भारी कमी के कारण हर वीकेंड हालात बिगड़ जाते हैं।

सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े टैक्सी और रेंटल दुपहिया वाहन जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं।

लाइब्रेरी बैरियर से शहीद स्थल झूलाघर तक सड़क किनारे खड़े सैकड़ों दोपहिया वाहनों के चलते लाइब्रेरी बाजार, स्प्रिंग रोड और सर्कुलर रोड पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। देहरादून-मसूरी मार्ग पर भी पूरे दिन वाहनों का दबाव बना रहा।

एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भर रहे वाहन मसूरी रोड पर रेंगे

बाहर से आने वाले पर्यटक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के चलते कम समय में देहरादून तो पहुंच जा रहे हैं, लेकिन मसूरी पहुंचने और लौटने में घंटों का समय लग रहा है।

पर्यटकों का कहना है कि ट्रैफिक जाम के कारण उनका अधिकांश समय सड़कों पर ही गुजर रहा है। एक्सप्रेस वे पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार दून में धीमी हो रही है और फिर मसूरी में ये वाहन रेंग रहे हैं।

रविवार रात तक होटलों में घटने लगी आक्युपेंसी

दिनभर भारी भीड़ के दौरान पर्यटकों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। रविवार रात तक बड़ी संख्या में पर्यटकों के लौटने के बाद मसूरी के होटलों की आक्युपेंसी 50 से 60 प्रतिशत तक पहुंच गई, लेकिन देहरादून, सहारनपुर, रुड़की और हरिद्वार से आने वाले डे-टूरिस्ट के कारण बाजारों और पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी रही।

ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की मांग

स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने प्रशासन से स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और अवैध वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पर्यटन सीजन में हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top