उत्तराखण्ड

Big Breaking:-उत्तराखंड में गरजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस पर साधा निशाना, जानिए क्या कुछ कहा

Rajnath Singh in Haridwar: राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनेगी.

हरिद्वार: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज उत्तराखंड दौरे पर रहे. इस दौरान राजनाथ सिंह ने हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया. अपने संबोधन के दौरान राजनाथ सिंह ने भाजपा नेताओं में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जोश भरने का काम किया. कार्य समिति की बैठक के समापन अवसर पर राजनाथ सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया.

उत्तराखंड बीजेपी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में पार्टी संगठन और धामी सरकार के कामकाज की सराहना भी की. उन्होंने कहा उत्तराखंड में केंद्र और राज्य सरकार का कमल कमाल कर रहा है. यहां भाजपा संगठन देवदार के पेड़ की तरह मजबूती से खड़ा है. इस वृक्ष को कोई ताकत न उखाड़ सकती है और न ही हिला सकती है.

राजनाथ सिंह ने कहा यह सामान्य बात नहीं है कि आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं. उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती. उन्होंने कहा कार्यकर्ता ही भाजपा की रीढ़ हैं. उन्हें उत्तराखंड के अनुभवी कार्यकर्ताओं के बीच आने का अवसर मिलता है तो अच्छा लगता है.

सत्ता रहे अथवा जाये, हम विचारधारा को कभी नहीं छोड़ सकते हैं. उन्होंने कहा हमारे नेताओं ने राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम का नारा दिया है. उन्होंने कहा समाज की अंतिम सीढ़ी पर बैठे आदमी का विकास होना चाहिए. उन्होंने कहा हमारी पार्टी में सेवा ही संगठन है. कोविड में सभी ने इसको देखा है. उन्होंने कहा मंत्रिपद हमारे लिए स्टेटस सिंबल नहीं है. यह जिम्मेदारी है. जिसका हमें निर्वहन करना है.

उन्होंने कहा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कोई साधारण बैठक नहीं होती, बल्कि यह संकल्प लेने का अवसर होती है. बैठक में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प दिलाया

राजनाथ सिंह ने कहा बीजेपी ने शार्टकट से सत्ता हासिल नहीं की है. इसके लिए बीजेपी के कार्यकर्ता ने मेहनत की है. कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि ये पार्टियां जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज में दीवारें खड़ी कर रही हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा किसी अन्य पार्टी के पास अपनी राजनीतिक विचारधारा नहीं है. भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री के बारे में अनाप शनाप और अमर्यादित बयान देते रहते हैं, लेकिन भाजपा कभी उनकी अमर्यादित भाषा में जवाब नहीं देगी.

उन्होंने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में इटली के एक नेता ने भारत के लोकतंत्र का खुलेआम मजाक उड़ाया, देश के प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द का प्रयोग किया. उस दौरान राहुल गांधी ताली बजा रहे थे. राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीतिक रूप से अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है. जनता समझती है कि देश की सत्ता किसके हाथों में सौंपनी है.

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top