Rishikesh

Big Breaking:-ऋषिकेश की शिवपुरी गंगा में स्नान करते समय राजस्थान के दो पर्यटक बहे, तलाश जारी

जयपुर से शिवपुरी (टिहरी) घूमने आए एक युवक और युवती गंगा में स्नान के दौरान बह गए। एसडीआरएफ और जल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

ऋषिकेश। जयपुर (राजस्थान) से मित्रों के साथ घूमने आए एक युवक व युवती गंगा में स्नान के दौरान बह गए। जल पुलिस व एसडीआरएफ ने लापता दोनों पर्यटकों की तलाश में सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। चारों पर्यटक शनिवार को कैंपिंग में ठहरे थे।

एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि घटना टिहरी जिले के अंतर्गत शिवपुरी बीच की है। एसडीआरएफ को पुलिस ने दो पर्यटकों के बहने की सूचना दी, जिसके तुरंत बाद एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राफ्ट के साथ सर्चिंग शुरू की।

डीप डाइवर्स ने आस-पास व संभावित स्थानों में गंगा में गोता लगाकर लापता पर्यटकों की तलाश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र के अनुसार, डूबने वाले पर्यटकों के मित्र राजकुमार मीणा ने पूछताछ में बताया कि उनका मित्र लवेश साटिवाल (26) पुत्र सुरेश साटीवाल निवासी जयपुर, राजस्थान व चेतना मीणा (27) निवासी हरिशंकर मीणा निवासी प्रतापनगर, जयपुर शनिवार को कैंप में ठहरे थे।

रविवार सुबह करीब 7.30 बजे दोनों बिना बताए गंगा की ओर नहाने निकल गए। इस दौरान नहाने से पहले उन्होंने फोन कर उन्हें भी गंगा की ओर आने का आग्रह किया। राजकुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गंगा की ओर पहुंचे, लेकिन यहां लवेश व चेतना कहीं नहीं दिखे।

इस पर वे दोनों घबरा गए। उन्होंने गंगा के समीप लवेश व चेतना के कपड़े व फोन देखे, जिसके बाद उन्हें दोनों के डूबने का अंदेशा हुआ। इसके बाद उन्होंने आस-पास के लोगों की मदद से स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

एसडीआरएफ निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि लवेश साटिवाल राजस्थान विद्युत निगम लि. में जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top