Big Breaking:-चार वर्ष तक चर्चाएं, चार वर्ष का इंतजार

उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विधायकों का चार साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। 2022 में सरकार बनने के बाद से ही मंत्रिमंडल में तीन पद रिक्त थे, जो बाद में बढ़कर पांच हो गए।

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए विधायकों को लंबा इंतजार करना पड़ा है। सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में शायद ही ऐसा कोई साल बीता हो, जब मंत्रिमंडल में विस्तार की चर्चाओं ने जोर नहीं पकड़ा हो। आखिरकार सरकार के पांचवें वर्ष में विधायकों का इंतजार खत्म हुआ और धामी सरकार को मंत्रिमंडल के समस्त सहयोगी मिल गए।

वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के बाद धामी सरकार ने नौ मंत्रियों के साथ सत्ता संभाली। कुल 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल में तीन पद रिक्त रहे। इसके बाद रह-रहकर चर्चाएं होती रहीं कि धामी मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। हर वर्ष चैत्र नवरात्र से लेकर शारदीय नवरात्र, विजयदशमी और दीपावली के मौके पर विधायकों में मंत्री पद का तोहफा मिलने की उम्मीदें जगती रहीं।

यह अलग बात है कि उम्मीद पूरा होना तो दूर, सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक मंत्री पद और रिक्त हो गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने गत वर्ष मार्च में अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। इससे पहले कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का निधन हो गया था।

परिणामस्वरूप मंत्रिमंडल में रिक्त सीट की संख्या तीन से बढ़कर पांच हो गई। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25वें वर्ष में प्रदेश भाजपा संगठन के नए कलेवर में आने के मौके पर भी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं चलीं। शारदीय नवरात्र से लेकर दीपावली,

राज्य स्थापना दिवस से लेकर नए वर्ष पर मंत्रिमंडल विस्तार के समर्थन में मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान आते रहे, लेकिन विधायकों की यह मुराद अब जाकर पूरी हो पाई।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें